नई दिल्ली। आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में गुरुवार तड़के एक केमिकल प्लांट से हुए गैस रिसाव हादसे में 11 लोगों की मौत होगई। इस पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली, सानिया मिर्जा के अलावा कई खिलाड़ियों ने दुख जताया है। विराट ने ट्वीट किया- विशाखापट्टनम में गैस रिसाव की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।
'लोगों की मौत की खबर से दुखी'
धवन: टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी कहा- गैस रिसाव की खबर से हैरान हूं। मुझे इस हादसे में मारे गए लोगों के लिए काफी दुख हो रहा है। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
सायना नेहवाल ने भी ट्वीट किया- वाइजैग में गैस रिसाव के कारण लोगों की मौत होना हृदयविदारक है। भगवान से प्रार्थना है कि वे अपनों को गंवाने वाले परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।
