Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री चौहान ने नगरीय निकायों को 330 करोड़ रूपए अंतरित किए सिंगल क्लिक से


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को मंत्रालय से प्रदेश के 374 नगरीय निकायों एवं 5 छावनी परिषदों को सिंगल क्लिक के माध्यम से 330 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की। उन्होंने 'शहरी पथ व्यवसायी उत्थान योजना' एवं 'शहरी पथ विक्रेता पोर्टल' का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव नीतेश व्यास, आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास पी. नरहरि आदि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के पथ विक्रेताओं को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि भारत के यशस्वी और दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री पथ विक्रेता आत्मनिर्भर निधि प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत शहरी पथ व्यवसायियों को 10 हजार रूपये का ऋण दिया जायेगा। इसमें 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान सहायता केन्द्र सरकार देगी। मध्यप्रदेश सरकार ने इसी के साथ शहरी पथ व्यवसायी उत्थान योजना प्रारंभ की है, जिसके अंतर्गत शेष ब्याज की राशि, जो लगभग 5 प्रतिशत होगी, राज्य सरकार भरेगी। इस प्रकार हितग्राही को 10 हजार रूपये का ब्याज मुक्त ऋण मिल सकेगा। इसकी गारंटी सरकार देगी।