भोपाल। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में धनकसा और शारदा भूमिगत कोयला खदानों का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऑनलाइन शुभारंभ किया। एक वीडियो कांफ्रेंसिंग समारोह में दो केन्द्रीय मंत्री,सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केन्द्रीय कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी भी उपस्थित हुए।
मध्यप्रदेश में एक हजार से ज्यादा लोग को छिंदवाड़ा जिले की इन दो भूमिगत कोयला खदानों से रोजगार मिलेगा। अगले चार साल में कोल इंडिया बीस खदानें शुरू करेगा, इनमें 6 मध्यप्रदेश में होंगी। आज शुरू हुईं दोनों खदानों के लिए मुख्यमंत्री चौहान ने अपने पूर्व के मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में प्रयास किए थे।
मुख्यमंत्री चौहान के बटन दबाने के बाद तत्काल ही औपचारिक रूप से खनन प्रारंभ किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी ने रिमोट से बटन दबाकर शुभारंभ किया। कुल तीन खदानें शुरू हुई हैं। इनमें शारदा और धनकसा खदानें मध्यप्रदेश और आदासा खदान महाराष्ट्र में हैं।
