नई दिल्ली। कोरोनावायरस के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट पटरी पर लौट रहा है। वेस्टइंडीज की टीम इंग्लैंड दौरे पर पहुंच चुकी है। इसको लेकर इंग्लिश कप्तान जो रूट ने कहा कि विंडीज टीम का यहां आना बेहद हिम्मतवाला काम है। मुझे लगता है कि पूरी दुनिया फिर से क्रिकेट देखने के लिए उनकी आभारी होगी।
दोनों देशों के बीच तीन टेस्ट की सीरीज जून में खेली जानी थी, लेकिन कोरोना के कारण अब यह 8 जुलाई से शुरू होगी। पिछला इंटरनेशनल मैच 13 मार्च को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। इसके बाद वायरस के कारण दुनियाभर में क्रिकेट पर रोक लगा दी गई। 29 मार्च से होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को भी अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया।
