मुंबई। एकता कपूर अपने बर्थडे पर हर साल मंदिर जरूर जाती हैं। रविवार को जब एकता ने अपना 45वां जन्मदिन मनाया तो वे भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचीं। हालांकि, उन्हें मंदिर के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। बल्कि उन्हें बाहर से ही भगवान के दर्शन करने पड़े।
एकता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मंदिर विजिट के दो वीडियो साझा किए हैं। इनमें से एक में मंदिर परिसर में लगी एलईडी स्क्रीन पर गणेशजी की पूजन होते दिखाई दे रही है। जबकि दूसरे वीडियो में मंदिर का बोर्ड दिखाते हुए एकता ने लिखा है, "बाहर से दर्शन।"
महाराष्ट्र के कानून और न्यायिक विभाग के सचिव राजेंद्र भागवत ने एक बातचीत में कहा कि राज्य में लोगों के लिए मंदिर, मस्जिद, गिरिजाघर और अन्य धार्मिक जगहों को खोलने पर निर्णय लिया जाना अभी बाकी है। ऐसी जगहों पर लोगों को इकट्ठा करने की अनुमति देने पर अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ है।
