भोपाल। कृषि के क्षेत्र में मध्यप्रदेश गत तीन वर्षों से लगातार भारत का 'मोस्ट इम्प्रूव्ड' राज्य बना हुआ है। राज्य के सकल मूल्य वर्धित में कृषि क्षेत्र का योगदान 45 प्रतिशत है, जबकि निर्माण क्षेत्र का योगदान 20 प्रतिशत है एवं सेवा क्षेत्र का योगदान 35 प्रतिशत है। कृषि मध्यप्रदेश की सबसे प्रमुख आर्थिक गतिविधि है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान को गत दिवस 'इंडिया टुडे' पत्रिका समूह के एसोसिएट एडिटर श्री राहुल नरोन्हा द्वारा भोपाल में 'मोस्ट इम्प्रूव्ड' राज्य का अवार्ड प्रदान किया गया। इस अवसर पर संचालक जनसंपर्क श्री आशुतोष प्रताप सिंह उपस्थित थे।
इंडिया टुडे द्वारा करवाए गए मूल्यांकन में 'मोस्ट इम्प्रूव्ड' राज्य की श्रेणी में मध्यप्रदेश 320 में से 258.6 अंक प्राप्त कर भारत का प्रथम राज्य रहा। वहीं पंजाब को 'बैस्ट परफार्मिंग' राज्य की श्रेणी में 271.6 अंक के साथ देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
