Type Here to Get Search Results !

प्रकरण कम हैं, वैवाहिक आयोजनों पर न लगाए जाएं अनावश्यक प्रतिबंध



भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के जिन जिलों में कोरोना संक्रमण अधिक है, वहां क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की सलाह अनुसार वैवाहिक आयोजनों में संख्या संबंधी प्रतिबंध लगाया जाएं, परंतु जिन जिलों में प्रकरण कम हैं, वहां वैवाहिक आयोजनों पर अनावश्यक प्रतिबंध न लगाए जाएं। मास्क न लगाने तथा कोरोना संबंधी अन्य सावधानियां न बरतने पर कुछ समय के लिए 'ओपन जेल' में रखा जाए। जो लोग 'होम आइसोलेशन' में हैं, उनके घर के बाहर तत्संबंधी सूचना प्रदर्शित की जाए, जिससे वे घर से बाहर न निकलें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिन क्षेत्रों में संक्रमण अधिक है, वहां 'कंटेनमेंट जोन' बनाए जाएं, जिससे संक्रमण आगे न फैले। भोपाल शहर में कोलार, एम.पी. नगर तथा अशोका गार्डन क्षेत्रों में कुल 05 संक्रमण क्षेत्र बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में विशेष सावधानी रखी जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना योद्धा डॉ. शुभम उपाध्याय कोरोना मरीजों की सेवा करते हुए शहीद हो गए हैं। हमने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की। उन्हें 'लंग ट्रांसप्लांट' के लिए चैन्नई भी ले जाने वाले थे, परंतु इसके पूर्व उनका दु:खद निधन हो गया। हम सभी उन्हें सादर श्रद्धांजलि देते हैं। उनके परिवार को 50 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव श्री मोहम्मद सुलेमान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.