Type Here to Get Search Results !

शत-प्रतिशत निःशक्तजनों को प्रदान करें योजनाओं का लाभ : आयुक्त रजक



भोपाल। आयुक्त नि:शक्तजन कल्याण श्री संदीप रजक ने इंदौर जिले में जनपद सीईओ, समग्र सुरक्षा विस्तार अधिकारी और एमआरसी की संयुक्त टीम गठित कर आगामी 15 दिनों में दिव्यांगों को शत-प्रतिशत यूडीआईडी कार्ड जारी करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि यूडीआईडी कार्ड होने से दिव्यांगजनों को बस किराये में छूट मिलने में आसानी हो जायेगी। श्री रजक ने यह बात शुक्रवार को इंदौर में दिव्यांगजनों के हित में किये जा रहे कार्यों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए दिये। बैठक में कलेक्टर श्री मनीष सिंह भी उपस्थित थे।

बैठक में बताया गया कि स्पर्श अभियान के माध्यम से इंदौर जिले में कुल 20 हजार 232 नि:शक्तजन चिन्हित किये गये हैं। इनमें से 19 हजार 640 नि:शक्तजनों को जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा नि:शक्तता प्रमाण-पत्र जारी किये जा चुके हैं। इसी तरह 79 प्रतिशत दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड वितरित किये जा चुके हैं तथा शेष 4 हजार 247 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड प्रदान किया जाना बाकी है। आयुक्त श्री रजक ने कहा कि संबंधित क्षेत्र के जनपद सीईओ, समग्र सुरक्षा विस्तार अधिकारी, एमआरसी की संयुक्त टीम गठित करें। उक्त टीम के माध्यम से आगामी 15 दिवस में शत-प्रतिशत यूडीआईडी कार्ड जारी करना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने बताया कि यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से बस के किराये में दिव्यांगजनों को छूट प्रदान की जाती है। कोई भी पात्र हितग्राही इस लाभ से वंचित ना रहे।