भोपाल। जन-जातीय कार्य मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कहा है कि जन-जातीय क्षेत्रों में केन्द्र सरकार की आर्थिक मदद से चलने वाले विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने योजनाओं के लिये राशि का अब तक उपयोग नहीं किया है, उन्हें वापस लेकर अन्य योजनाओं पर खर्च किया जाये। जन-जातीय कार्य मंत्री सुश्री मीना सिंह आज मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में विशेष केन्द्रीय सहायता के अंतर्गत और संविधान के अनुच्छेद के अंतर्गत केन्द्र सरकार से मिलने वाली राशि से किये जाने वाले कार्यों की पिछले 4 वर्षों की प्रगति की समीक्षा की गयी।
बैठक में बताया गया कि विशेष केन्द्रीय सहायता अंतर्गत पिछले 4 वर्षों में केन्द्र सरकार से 835 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। इस वर्ष 152 करोड़ रुपये की राशि इस मद में प्राप्त हुई है। बैठक में बताया गया कि संविधान के अनुच्छेद-275 (1) के अंतर्गत पिछले 3 वर्ष में जन-जातीय क्षेत्र के 89 ब्लॉक के लिये 952 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। इस वर्ष करीब 184 करोड़ की राशि और प्राप्त हुई है। प्राप्त राशि से हितग्राही-मूलक योजना और अधोसंरचना के काम प्राथमिकता से करवाये जा रहे हैं। बैठक में प्रमुख सचिव श्रीमती पल्लवी जैन गोविल, आयुक्त जन-जातीय कार्य श्री संजीव सिंह और संचालक संचालनालय आदिम-जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएँ सुश्री शैलबाला मॉर्टिन उपस्थित थीं।
