नई दिल्ली। घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी का फाइनल मुंबई और उत्तर प्रदेश (यूपी) के बीच 14 मार्च को दिल्ली में खेला जाएगा। सेमीफाइनल में मुंबई ने कर्नाटक को 72 रन से हराया। वहीं, यूपी ने गुजरात टीम को 5 विकेट से शिकस्त दी। मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने गुरुवार को एक रिकॉर्ड कायम कर दिया। वे एक सीजन में सबसे ज्यादा 754 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। दूसरे नंबर पर कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल हैं, जिन्होंने 737 रन बनाए।
दोनों ने मयंक अग्रवाल का रिकॉर्ड तोड़ा है। मयंक ने 2017-18 सीजन में 723 रन बनाए थे। पृथ्वी शॉ ने कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में 122 गेंदों पर 165 रन की पारी खेलने के साथ यह उपलब्धि हासिल की। पारी के दौरान पृथ्वी ने 7 छक्के और 17 चौके भी जड़े। इसके बदौलत मुंबई ने कर्नाटक को 50 ओवर में 323 रन का टारगेट दिया।
