भोपाल। प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा है कि राज्य में कक्षा पहली से आठवीं तक के शासकीय और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों के लिए 15 अप्रैल से 13 जून 2021 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही अशासकीय विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक की कक्षाओं का संचालन 30 अप्रैल तक नहीं किया जाएगा। इन कक्षाओं का ऑनलाइन शिक्षण कार्य जारी रह सकेगा। परमार ने बताया कि प्रदेश सभी शासकीय और अशासकीय छात्रावासों को तत्काल प्रभाव से बंद किया गया है। वर्तमान में कोरोना महामारी की परिस्थिति और विद्यालयीन छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक और प्राचार्य को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। कक्षा पहली से आठवीं तक की शालाओं में कार्यरत सभी शासकीय शिक्षक ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बोर्ड परीक्षाओं के पूर्ण होने तक मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। बोर्ड परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षण या अन्य शासकीय कार्य के लिए ड्यूटी लगाए जाने पर आवश्यक रूप से उपस्थित होंगे। जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि बोर्ड परीक्षाएं संबंधित बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा मंडल, सीबीएसई, आईसीएसई आदि के निर्देश के अनुसार ही आयोजित होंगी।
सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए ग्रीष्मकालीन छुट्टियां
कक्षा 01 से 08 तक के स्कूलों में कार्यरत सरकारी शिक्षकों के लिए भी 15 अप्रैल से 9 जून तक का ग्रीष्मकालीन अवकाश दिया गया है। इसमें शर्त रखी गई है कि संबंधित शिक्षक बोर्ड परीक्षाएं होने तक मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। बोर्ड परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षण अथवा अन्य सरकारी कार्य के लिए ड्यूटी लगाए जाने पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे और मुख्यालय छोड़ने से पहले अनुमति लेंगे।
