लखनऊ। यूपी सीएमओ (चीफ मिनिस्टर ऑफिस) में कुछ अफसर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद को आईसोलेट कर लिया है। उन्होंने इस बात की जानकारी खुद ट्वीट करके दी है। योगी ने लिखा कि मेरे कार्यालय के कुछ अधिकारी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। यह अधिकारी मेरे संपर्क में रहे हैं। ऐसे में मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के ओएसडी अभिषेक कौशिक, प्रमुख सचिव एसपी गोयल और सीएम के सचिव अमित सिंह संक्रमित हो गए हैं।
कोरोना की दूसरी लहर से महाराष्ट्र और दिल्ली की तरह यूपी में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यूपी में 24 घंटे में 18021 नए संक्रमित मिले हैं। इस दौरान रिकॉर्ड 85 लोगों की मौत हो गई है। सोमवार को 13685 नए संक्रमित मिले थे। इस महीने में अभी 13 दिन ही हुए हैं और संक्रमण सात गुना बढ़ गया है। अब तक यूपी के 20 से ज्यादा जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया जा चुका है। मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि राज्य में अब तक संक्रमण से 9,309 लोगों की मौत हुई है।
