Type Here to Get Search Results !

"वर्ल्ड हैरिटेज-डे" पर होगा वेबिनार आयोजित - शिव शेखर शुक्ला

भोपाल। विश्व धरोहर दिवस (वर्ल्ड हेरिटेज डे) के अवसर पर देश व प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने एवं उनके संवर्धन और संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए 'धरोहर- भविष्य के परिपेक्ष्य में' (Heritage - Perspectives for the Future) विषय पर वेबिनार का आयोजन पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार तथा मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा सयुंक्त रूप से किया जा रहा है। वेबिनार रविवार 18 अप्रैल 2021 को प्रातः 11:30 से अपराह्न 1 बजे के मध्य आयोजित होगा।

प्रमुख सचिव पर्यटन व मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबन्ध संचालक श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि वेबिनार में पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार की अतिरिक्त महानिदेशक सुश्री रूपिन्दर बरार, इंफोसिस फाउंडेशन की चेयरपर्सन पद्मश्री श्रीमती सुधा मूर्ति, प्रख्यात भारतीय शास्त्रीय गायकद्वय पद्मभूषण पंडित राजन मिश्रा व पंडित साजन मिश्रा, Indian Ecology (INDeco) पर्यटन कम्पनी के सीएमडी श्री स्टीव बोर्गिया, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सेवानिवृत्त संयुक्त महानिदेशक श्री एस.बी. ओटा तथा यूनस्को के हेरिटेज एक्सपर्ट एवं आर्किटेक्ट श्री निशांत उपाध्याय प्रमुख वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे। साथ ही भारत वर्ष की महान विरासत को सहेजने एवं संवारने में जन-भागीदारी बढ़ाने के विषय में अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी देंगे।

विश्व के सांस्कृतिक-ऐतिहासिक स्थलों को विरासतों के रूप में संरक्षित रखने के लिए यूनेस्को द्वारा हर साल 18 अप्रैल को 'व‌र्ल्ड हेरिटेज डे' मनाया जाता है। दुनियाभर के स्मारकों और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों के लिए यह दिन खास होता है। इस अवसर पर लोगों को हमारी ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों को आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाए रखने के लिए प्रयासों के बारे में अवगत कराया जाता है। साथ ही यह दिन यह भी बताता है कि हमारी यह धरोहरों को अब कितने रखरखाव, संवर्धन तथा संरक्षण की आवश्यकता है, विरासतों को सुरक्षित और सरंक्षित रखने के लिए जागरूकता जरूरी क्यों है।