भोपाल। शहडोल जिले में कोरोना महामारी नियंत्रण हेतु प्रभारी एवं प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह की अध्यक्षता में जिला क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक आयोजित की गई। खाद्य मंत्री श्री सिंह ने कहा कि कोरोना वॉलेटियर्स का सहयोग होम आइसोलेटेड मरीजों की देखभाल एवं निगरानी के लिये लें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोविड सेंटर एवं होम आइसोलेटेड मरीजों की निरंतर निगरानी के लिये कोरोना वॉलेंटियर्स को तैयार करें। उन्होंने वॉलेंटियर्स से कहा कि होम आइसोलेटेड मरीजों की देखभाल के साथ स्वयं को सुरक्षित रखते हुए मरीजों से दूरभाष पर प्रतिदिन संवाद करें एवं उनकी आवश्यकताओं का ख्याल रखें।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने उपस्थित जन-प्रतिनिधियों से कोरोना नियंत्रण के संबंध में प्राप्त सुझावों के बारे में कहा कि परीक्षण उपरांत उन्हें मूर्त रूप प्रदान किया जायेगा। जो व्यवस्थाएँ प्रदेश स्तर पर संभव हों, उसकी सूची मुझे उपलब्ध करायी जाये। जिले में चिकित्सक अथवा अन्य वांछित संसाधनों की कमी नहीं आने दी जायेगी। जिले को कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए समुचित संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जायेगी।
प्रत्येक विकासखण्ड में 100 बिस्तरीय अस्पताल
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि जिले में रेमडेसिविर इंजेक्शन अभी 300 वॉयल उपलब्ध है, साथ ही जिले में 3 एम्बुलेंस, जिसमें एक नवीन लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस उपलब्ध है और कुछ नई एम्बुलेंस एक सप्ताह में आ रही हैं। साथ ही वैंटीलेटर भी पर्याप्त है, हर विकासखण्ड में 100 बिस्तरीय अस्पताल तैयार किए गए है, जिससे आवश्यता पड़ने पर कोविड के मरीजो को क्वारेंटाइन किया जा सके। जिले में शादी-विवाह समारोह में 50 लोगो की उपस्थिति तय की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में ऑक्सीजन सिलेण्डर, ऑक्सीजन कंसट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेण्डर के साथ यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है कि अन्य राज्यों से आने वाले व्यक्तियों की सूचना का संधारण ग्राम पंचायत एवं नगरीय वार्डों में रजिस्टर्ड कर उन्हें होम आइसोलेशन में रखकर उनकी निगरानी की जा सके।
