Type Here to Get Search Results !

कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर इकट्ठे होने वाले 400 पादरियों पर केस दर्ज, 2 की मौत

तिरुअनंतपुरम। पिछले महीने इडुक्की जिले के हिल स्टेशन मुन्नार में एक धार्मिक आयोजन में कोविड-19 प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ा कर 400 से ज्यादा पादरियों के इकट्ठा होने के बाद सभी पर केस दर्ज किया गया है। इन लोगों में चर्च ऑफ साउथ इंडिया के बिशप फादर धर्मराज रसालम भी शामिल हैं। मामले के खुलासे के बाद जिला कलेक्टर एच दिनेश ने पुलिस को सभी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। वहीं, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।

केरल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के बाद पिछले सप्ताह दो पादरियों की मौत होने पर इस मामले का खुलासा हुआ। आयोजन में शामिल होने वाले पादरियों में से 100 से अधिक की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना पॉजिटिव अधिकांश पादरियों को केरल-तमिलनाडु सीमा पर चलाए जा रहे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर दिया गए थे। जांच में पता चला है कि कार्यक्रम में 450 से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें अधिकांश पादरी हैं। सभी ने महामारी नियमों का उल्लंघन किया है।

धमकी देकर बुलाया :

कई पादरियों के बीमार होने पर मामला जब सामने आया तो कुछ युवा पादरियों ने आरोप लगाया कि रिट्रीट में शामिल नहीं होने पर अधिकारियों द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकी दी गी थी। इसके बाद उन्हें मजबूरन कार्यक्रम में शामिल होना पड़ा था। वहीं, जॉइंट क्रिश्चियन काउंसिल के सदस्य जैकब मैथ्यू ने कहा कि रिट्रीट के फोटो सेशन के दौरान किसी ने भी मास्क नहीं पहन रखा था।

आरोपों पर चर्च ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सभी सावधानियां बरती गईं और केल 28 पादरियों कि कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है न कि 100 की। कार्यक्रम की योजना काफी पहले तैयार कर ली गई थी जो कि सभी मानदंडों का पूरा करते थे।