Type Here to Get Search Results !

भोपाल को कोरोना कर्फ्यू से मुक्त करने में जनता का सहयोग जरूरी

भोपाल। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि भोपाल को कोरोना कर्फ्यू से मुक्त करने के लिए अगले 7 दिन महत्वपूर्ण रहेंगे। उन्होंने जनता से अपील की है कि इन 7 दिन में कोई घर से न निकले। होम आइसोलेशन वाले मरीज घर पर ही रहें। आत्म-अनुशासन और संयम से ही भोपाल को कोरोना संक्रमण से रोका जा सकता है। श्री सारंग ने रविवार को नये पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण रोकने के लिए विचार-विमर्श किया।

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि वार्ड स्तर पर मॉनिटरिंग की जाये। इसके लिये माइक्रो टीम बनाकर और माइक्रो एरिया बाँटकर काम किया जाये। वार्ड वाइज होम आइसोलेशन वाले मरीजों की मॉनिटरिंग हो। एसडीएम, सीएसपी और नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर टीम बनाकर कार्य करें। कोरोना संक्रमण के 20 से अधिक पॉजिटिव मरीज वाले स्थान को रेड, 10 से 20 वाले को ऑरेंज, 5 से 10 वाले को यलो और 5 से कम पॉजिटिव मरीज वाले स्थान को ग्रीन जोन में चिन्हित करें।

श्री सारंग ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जिस प्रकार फर्स्ट वेव में पॉजिटिव मरीज के घर पर स्टीकर लगाकर लोगों को जागरूक किया जाता था, उसी प्रकार का अभियान चलाया जाये। उनके कांटेक्ट में आये लोगों की ट्रेसिंग सुनिश्चित की जाये। उनके आस-पड़ोस के लोगों को भी सजग किया जाये।

श्री सारंग ने कहा कि टोल-फ्री नंबर 1075 पर लोग पॉजिटिव मरीज के घूमने-फिरने या घर से निकलने की सूचना दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगले 2 दिन में होम आइसोलेशन वाले मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी टीम द्वारा ली जायेगी। एक-एक व्यक्ति का फिजिकल वेरीफिकेशन होगा।