Type Here to Get Search Results !

नहीं थम रहीं 'बबिताजी' की मुश्किलें, जातिसूचक टिप्पणी को लेकर अब मुंबई में FIR दर्ज

मुंबई। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' फेम बबिताजी उर्फ मुनमुन दत्ता की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर उन्होंने जातिवादी टिप्पणी की थी, जिसके लेकर लोग नाराज हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब मुंबई कांग्रेस के कार्यकर्ता विनोद कजनिया की शिकायत के बाद मुनमुन दत्ता के खिलाफ अंबोली पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। दरअसल, मुलुंद के रहने वाले कजनिया ने 12 मई को गोरेगांव पुलिस थाने में शिकायत की थी, जिसे अंबोली पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया था, क्योंकि एक्ट्रेस इसी थाने के अधिकार क्षेत्र में रहती है।

शिकायतकर्ता ने वाल्मीकि विकास संघ के पदाधिकारी रेशमपाल बोहित के साथ मिलकर मुनमुन के खिलाफआईपीसी के सेक्शन 295 के साथ-साथ अनुसूचित जाति और जनजाति (अत्याचार निवारण) एक्ट- 2015 की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई है और एक्ट्रेस की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। इससे पहले एक्ट्रेस के खिलाफ इंदौर, मध्य प्रदेश और हांसी, हरियाणा में भी FIR दर्ज हो चुकी है। लेकिन महाराष्ट्र में उनके खिलाफ यह पहली FIR है।

मुंबई कांग्रेस के सदस्य राजेश इंगले ने एक बातचीत में कहा, "टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में वाल्मीकि समुदाय के कई एक्टर्स हैं, जो सुंदर हैं। इस तरह मुनमुन दत्ता की समुदाय विशेष को कुरूपता के लिए जिम्मेदार ठहराने वाला कमेंट बेहद चौंकाने वाला है। इसने न केवल उस समुदाय के हजारों लोगों, बल्कि एक्ट्रेस के फैन्स को भी आहत किया है। पॉपुलर टीवी स्टार और सेलेब्रिटी होने के नाते उन्होंने अपने बयानों को लेकर जिम्मेदार और संवेदनशील होना चाहिए। फिर भी यह जरूरी है कि जाति सूचक कमेंट के लिए मुनमुन दत्ता को गिरफ्तार कर एक उदाहरण पेश किया जाना चाहिए। ताकि सेलिब्रिटीज और दूसरे लोग एससी, एसटी समुदाय के लिए अपमानजनक कमेंट करने से बचें।"