नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी कोर्ट ने रेसलर सागर मर्डर केस में आरोपी सुशील कुमार की पुलिस रिमांड 4 दिन बढ़ा दी है। सुशील को पहले 6 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया था, जो आज खत्म हो रही है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में कहा कि सुशील जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे में उनका रिमांड बढ़ाना जरूरी है। वहीं, सुशील के वकील प्रदीप राणा ने इसका विरोध किया।
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से 7 दिनों की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 4 दिन की कस्टडी पुलिस को दी। इसके साथ ही कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को यह भी निर्देश दिया है कि हर 24 घंटे में सुशील पहलवान का मेडिकल कराया जाएगा। इसके साथ ही सुशील के वकील को कस्टडी के दौरान मिलने की भी इजाजत दी जाएगी।
रोहिणी कोर्ट में सुनवाई के दौरान सुशील के वकील ने बिना कोर्ट की इजाजत के जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने को लेकर पुलिस पर निशाना भी साधा। सुशील के वकील ने कहा कि पुलिस ने बीते 6 दिन में क्या-क्या किया है, इसकी जानकारी कोर्ट को दे। वकील ने कहा कि पुलिस ने वारदात का वीडियो मीडिया को क्यों दिया। ऐसे में पुलिस कस्टडी नहीं देनी चाहिए।
