बिना काम के हो रहे संचालित एमपी एग्रो के 7 क्षेत्रीय कार्यालयों को बंद करने की मांग एमपी एग्रो कार्पोरेशन कर्मचारी संघ ने उठाई
भोपाल। एमपी एग्रो कार्पोरेशन के 7 क्षेत्रीय कार्यालय बिना काम चल रहे हैं, दूसरी ओर पंचानन भवन स्थित एमपी एग्रो के मुख्यालय में स्टाफ की कमी है। ऐसे में क्षेत्रीय कार्यालयों को बंद करके अमले को मुख्यालय में पदस्थ किया जाए, ताकि कार्पोरेशन का काम-काज सुचारु चल सके।
यह मांग करते एमपी एग्रो कार्पोरेशन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर परसाई ने कार्पोरेशन के अध्यक्ष और उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाहा को गुरुवार को ज्ञापन सौंपा। परसाई ने बताया कि एक ओर कार्पोरेशन की गतिविधियां दिनों दिन कम होती जा रही है और राजस्व की हानि हो रही है, वहीं दूसरी ओर 7 क्षेत्रीय कार्यालय बिना काम संचालित हो रहे हैं। कार्पोरेशन का अधिकांश काम इंटरनेट के माध्यम से संचालित हो रहा है, ऐेसे में क्षेत्रीय कार्यालयों की आवश्यकता अब नहीं बची है। इसके बाद भी क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों के वाहनों पर ही सालाना 20 लाख रुपए फूंके जा रहे हैं। इस पर उद्यानिकी मंत्री कुशवाहा ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही क्षेत्रीय कार्यालयों को बंद करके स्टाफ को मुख्यालय में पदस्थ करने पर निर्णय लिया जाएगा।
