गुना सांसद ने गुलदस्ता देकर सिंधिया को मंत्री बनने की बधाई दी, फ्लाइट की गुहार भी लगाई
नई दिल्ली। दिल्ली से दिचलस्प नजारा सामने आया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया से केपी यादव ने मुलाकात की। तीन साल में यह दोनों की पहली सीधी मुलाकात है। लोकसभा चुनाव में भाजपा के केपी यादव ने ही गुना सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी ज्याेतिरादित्य सिंधिया 1 लाख से ज्यादा वोटों से हराया था। भाजपा में शामिल होने के बाद सिंधिया चंबल-ग्वालियर दौरे पर तमाम जगह गए, लेकिन सांसद केपी यादव से नहीं मिले। केपी ने उनसे शुक्रवार को दिल्ली में मुलाकात करके गुना में हवाई सेवा शुरू करने के लिए एक पत्र भी सौंपा।
केपी यादव 2019 के लोकसभा चुनाव में पिक्चर में आए थे। जब उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने गुना संसदीय सीट से सिंधिया के खिलाफ मैदान में उतारा था। एक समय सिंधिया के सांसद प्रतिनिधि रहे केपी यादव का कद उस समय और बढ़ गया। जब उन्होंने इस चुनाव में सिंधिया को एक लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। किसी ने भी उम्मीद नहीं की थी कि एक समय सिंधिया के साथ सेल्फी लेने वाला कार्यकर्ता ही उन्हें पटखनी दे देगा। सिंधिया की ये हार पूरे देश में इसी कारण से चर्चा का विषय बनी थी कि उनके ही पूर्व कार्यकर्ता ने उन्हें इतनी बुरी तरह से हरा दिया। 2014 की मोदी लहर में सिंधिया अपनी सीट बचाने में कामयाब हुए थे। उस समय उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जयभान सिंह पवैया को हराया था।

