मुंबई। भारत और श्रीलंका के बीच मंगलवार रात 8 बजे शुरू होने वाला दूसरा टी-20 मैच स्थगित कर दिया गया है। भारतीय ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है। अगर दोनों टीमों के बाकी सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ निगेटिव आते हैं तो यह मैच बुधवार (28 जुलाई) को खेला जा सकता है। आखिरी टी-20 अपने शेड्यूल के मुताबिक गुरुवार (29 जुलाई) को ही होगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधिकारी ने बताया कि क्रुणाल के पॉजिटिव आने के बाद दोनों टीमों को आइसोलेशन में भेज दिया गया है। सभी खिलाड़ियों की रिपोर्ट सामने आने तक यह आइसोलेशन जारी रहेगा। क्रुणाल के क्लोज कॉन्टैक्ट में आए 8 भारतीय खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही सीरीज को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा। श्रीलंका के खिलाड़ियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई। बुधवार को उनके खिलाड़ियों का अगला टेस्ट होगा।
