नई दिल्ली। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया है। कीवी क्रिकेट बोर्ड ने रावलपिंडी में पहला वनडे शुरू होने से 30 मिनट पहले यह फैसला लिया। इस दौरे पर 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेले जाने थे। न्यूजीलैंड को टीम की सुरक्षा से जुड़ा इंटेलिजेंस अलर्ट मिला था। अब टीम को जल्द से जल्द पाकिस्तान से निकालने की तैयारी हो रही है। पाकिस्तान ने इस दौरे को बचाने की पूरी कोशिश की। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न को फोन कर सुरक्षा का पूरा आश्वासन देने का वादा भी किया। इमरान ने कहा कि पाकिस्तान के पास दुनिया का सबसे अच्छा इंटेलिजेंस सिस्टम है और कीवी टीम के ऊपर किसी भी तरह का खतरा नहीं है। हालांकि उनका आश्वासन भी काम नहीं आया और न्यूजीलैंड ने दौरा रद्द करने का फैसला ले लिया।
