Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम शिवराजपुर को दी अनेक सौगातें

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रैगाँव क्षेत्र के विधायक स्व. जुगुल किशोर बागरी ने क्षेत्र के विकास के जो सपने देखे थे, उनमें से कई सपने साकार हो चुके हैं। जो काम शेष बचा है, उसे पूरा करने के लिये मैं क्षेत्र की जनता के बीच आया हूँ। प्रदेश में दो बार कोरोना संकट के कारण अर्थ-व्यवस्था बहुत अच्छी नहीं है। भले सरकार को उधार लेना पड़े, पर विकास के कार्यों में धन की कमी नहीं होने दूंगा। बरगी नहर का पानी वर्ष 2023 तक इस क्षेत्र में पहुँचेगा। उन्होंने कहा कि रैगाँव क्षेत्र के किसानों से समर्थन मूल्य पर 300 करोड़ रूपये का गेहूँ तथा 150 करोड़ रूपये की धान खरीदी गई है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान सतना जिले के रैगाँव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शिवराजपुर से जनदर्शन कार्यक्रम का शुभारंभ कर आम सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शिवराजपुर सहित 10 गाँवों में जनदर्शन कार्यक्रम में शिरकत करते हुये आम जनता से रू-ब-रू होकर शासन की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शिवराजपुर में शीघ्र ही विद्युत सब स्टेशन का निर्माण शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने शिवराजपुर में 2023 तक बरगी नहर का पानी पहुँचाने तथा ग्राम दुआरी से ररा तक सड़क निर्माण, शिवराजपुर में सीएम राइज हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने के लिये 18 करोड़ रूपये की लागत से भवन निर्माण, गाँव के दो तालाब चितरा एवं मुदहरा तालाब के सुधार एवं विस्तारीकरण तथा गाँव में हाट-बाजार निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शिवराजपुर में जल जीवन मिशन से निर्माणाधीन पेयजल योजना का कार्य 31 मार्च 2022 तक पूरा कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये।