Type Here to Get Search Results !

प्रधानमंत्री मोदी जी के जन्म दिवस पर किया जाएगा सघन सामुदायिक वृक्षारोपण

होशंगाबाद। जिले में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 71 वें जन्म दिवस के अवसर पर सघन सामुदायिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ मनोज सरियाम ने बताया कि  शासन के निर्देशानुसार सामुदायिक वृक्षारोपण के कार्य को और भी अधिक गुणवत्तापूर्ण तथा सघन तरीके से किये जाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रो में एक से अधिक क्‍लस्‍टर चिन्हित किये जाएगे तथा ग्राम पंचायतों के इन प्रत्येक क्‍लस्‍टर में एक या अधिक यथोचित चिन्हित शासकीय स्थान पर 71 पौधे, समुदाय एवं जनप्रतिधिगण के सहयोग से लगाए जाएगे। गढ्ढो का निर्माण तथा पौधारोपण हेतु अन्य संसाधनो की व्यवस्था हेतु यथासंभव जनसहयोग, जनभागीदारी तथा समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। इस संबंध में समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रातंर्गत सघन वृक्षारोपण कराया जाना सुनिश्चित करें।श्री सरियाम ने बताया है कि सघन वृक्षारोपण कार्य को गुणवत्तापूर्ण रूप से करने के लिए जिला स्‍तर पर निगरानी समिति गठित की गई है। इसी तरह से जनपद स्तर पर भी समिति बनाई गई है। इन समितियों की निगरानी में 17 सितम्बर को वृहद स्तर पर सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। श्री सरियाम ने समस्त सीईओ जनपद पंचायत को निर्देशित किया है कि वे जनपद स्तरीय समिति द्वारा यथोचित क्‍लस्‍टरो का चिन्हांकन, प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक जनसहभागिता फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी आदि के माध्यम से यथोचित अभिलेखीकरण, समस्त कार्यक्रम की समीक्षा, निगरानी एवं विधानसभावार जनप्रतिनिधिगणों की सहभागिता से सघन वृक्षारोपण हेतु एक से अधिक क्‍लस्‍टर चिन्हित करना, स्‍थानीय स्तर पर उपयुक्त पौधो की प्रजातियों का चयन व प्रत्येक जातिवार पौधो की मांग का आंकलन एवं विकासखंड में क्लस्टरवार कुल पौधों की मांग से जिला स्तरीय समिति को अवगत कराना तथा विकासखंड अंतर्गत अथवा समीप में स्थित रोपणियों से पौधों की उपलब्धता की कार्यवाही सुनिश्चित करें।