Type Here to Get Search Results !

अमिताभ बच्चन के शो में पहुंचे ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और पीआर श्रीजेश

मुंबई। अमिताभ बच्चन के पॉपुलर टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति-13' (KBC-13) के अपकमिंग एपिसोड में टोक्यो ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और पीआर श्रीजेश स्पेशल गेस्ट के तौर पर नजर आने वाले हैं। इस 'शानदार शुक्रवार' एपिसोड का प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रोमो वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज और भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी श्रीजेश के शो में आने से अमिताभ बच्चन बेहद खुश हैं।

इस स्पेशल एपिसोड के प्रोमो वीडियो को चैनल ने सोशल मीडिया पर शेयर कर लिखा है, "अपने देश का नाम रोशन करके KBC-13 के मंच पर आने वाले हैं, टोक्यो ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज और श्रीजेश। सुनिए उनके संघर्ष और ओलंपिक के अनुभव को 'कौन बनेगा करोड़पति' में 17 सितंबर को रात 9 बजे।" वीडियो में देखा जा सकता है कि अमिताभ बच्चन किस गर्मजोशी से दोनों मेडलिस्ट का शो में स्वागत कर रहे हैं। साथ ही बिग बी 'हिंदुस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाते भी नजर आ रहे हैं। प्रोमो वीडियो में अमिताभ बच्चन दोनों खिलाड़ियों से पूछते हैं कि 'ये मेडल मैं छू सकता हूं क्या?' जिसके बाद श्रीजेश और नीरज अपना मेडल बिग बी को दे देते हैं। इस दौरान अमिताभ भावुक हो जाते हैं और सेट पर शांत माहौल हो जाता है। नीरज शो में अमिताभ को हरियाणवी बोलना भी सिखाते हैं।