Type Here to Get Search Results !

महात्मा गांधी वृद्धाश्रम का अचानक निरीक्षण करने पहुंचे भोपाल संभाग आयुक्त।

कमिश्नर से मिलकर खुश हुए वृद्धा आश्रम के वृद्धजन।

संभागायुक्त ने वृद्धाश्रम परिसर में किया पौधरोपण।

 रायसेन। बुधवार कोभोपाल संभागायुक्त कवीन्द्र कियावत द्वारा अचानक शाम के समय रायसेन स्थित महात्मा गॉधी वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों तथा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संभागायुक्त को कलेक्टर अरविन्द दुबे ने अवगत कराया कि वर्तमान में वृद्धाश्रम में 24 वृद्धजन रह रहे हैं। वृद्धजनों के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्हें दिए जाने वाले नाश्ते, भोजन में पोषण और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाता है। 

संभागायुक्त श्री कियावत ने वृद्धाश्रम के निरीक्षण के दौरान वृद्ध रेखा बाई, खुशीलाल, भोजू सिंह तथा छोटेलाल सहित अन्य वृद्धजनों से चर्चा करते हुए वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने नाश्ता और भोजन मिलने के समय तथा गुणवत्ता, स्वास्थ्य परीक्षण होने सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संभागायुक्त द्वारा वृद्धाश्रम में भजन होने, स्वास्थ्य की जॉच होने के संबंध में पूछे जाने पर वृद्ध छोटेलाल और भोजू सिंह ने बताया कि यहां सुबह-शाम भजन होने हैं। साथ ही डॉक्टर भी आते रहते हैं जो कि जॉच करते हैं। यहां साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। यहां घर से भी अच्छा परिवेश मिल रहा है।    

संभागायुक्त से चर्चा के दौरान वृद्ध महिला द्वारा सुनने में परेशानी होने की बात कहने पर उन्होंने वृद्धजनों की जॉच कराकर आश्यकतानुसार उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कहा। जिस पर कलेक्टर अरविन्द दुबे द्वारा सिविल सर्जन डॉ एके शर्मा को गुरूवार को ही वृद्धाश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों की जॉच कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन वृद्धजनों को सुनने में समस्या हो रही है उन्हें सामाजिक न्याय विभाग से समन्वय कर मशीन प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वृद्धजनों को जो भी दवाई दी जाएं उनके बारे में वृद्धाश्रम के स्टॉफ को भी समझाएं ताकि वृद्धजन समय पर दवाएं ले सकें।  

संभागायुक्त श्री कियावत ने वृद्धजनों के लिए बनाए गए गार्डन, दीवारों पर पेन्टिंग, झूले, साफ-सफाई सहित वृद्धाश्रम में किए गए अन्य इंतजामों की सराहना की। जिला पंचायत सीईओ पीसीशर्मा ने बताया कि वृद्धजनों के लिए एक्यूप्रेशर गार्डन बनाया गया है। साथ ही पाथ-वे भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम में विद्युत के लिए 6 किलो वॉट का सोलर ऊर्जा पैनल लगाया गया है। मुख्यमंत्री अंतःवासी पेंशन योजना के अंतर्गत सीधे वृद्धजनों के बैंक खाते में 600 रू की राशि प्रदान की जाती है। 

संभागायुक्त ने किया पौधरोपण।

वृद्धाश्रम के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री कियावत ने वृद्धाश्रम परिसर में बनाए गए पार्क में पौधरोपण भी किया। साथ ही कलेक्टर अरविन्द दुबे तथा पुलिस अधीक्षक विकास सहवाल द्वारा भी पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम एलके खरे भी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.