Type Here to Get Search Results !

द्रविड़ के साथ क्रिकेट का नया युग शुरू होगा, पर उन्हें थोड़ा वक्त देने की जरूरत

मुंबई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी-20 मैच खेला जा रहा है। ये मुकाबला जयपुर में हो रहा है। इसे खास बनाने के लिए भारत के पूर्व कप्तान अजहरुद्दीन से दैनिक भास्कर ने खास बातचीत की है। अजहरुद्दीन ने पाकिस्तान के खिलाफ 1987 में यहां खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शतक लगाया था। उन्होंने नए कोच द्रविड़ और नए कप्तान रोहित को लेकर क्या कहा आइए आपको बताते हैं।

उन्होंने कहा, 'राहुल द्रविड़ की कोचिंग में टीम इंडिया नई इबारत लिखेगी। पिछले 4-5 साल से वे जिस तरह से जूनियर खिलाड़ियों के साथ काम कर रहे थे और ज्यादातर वे ही अब सीनियर टीम में हैं, इसलिए उन्हें टीम के साथ काम करने में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी। हां, उनको थोड़ा समय देने की जरूरत है। बीसीसीआई का द्रविड़ को टीम इंडिया की जिम्मेदारी देने का फैसला एकदम सही है। हालांकि, रवि शास्त्री और विराट कोहली ने टीम इंडिया के साथ अच्छा काम किया है।'

अजहर ने आगे कहा, 'टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप के बाद एक तरह से नई शुरुआत करेगी। होम एडवांटेज टीम इंडिया को मिलेगा। वर्ल्ड कप के फाइनलिस्ट के खिलाफ खेलने का कोई दबाव भारत के ऊपर नहीं होगा। फिर इस बार घरेलू दर्शकों के बीच भारत खेलेगा। इसका काफी असर पड़ता है। न्यूजीलैंड की टीम इस समय अच्छी क्रिकेट खेल रही है। लेकिन ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं रही है।'