Type Here to Get Search Results !

21वीं सदी भारत की सदी है: संस्कृति मंत्री सुश्री ठाकुर

क्रांतिकारियों और शहीदों की वीरगाथाओ से भावी पीढ़ी को अवगत कराना हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

रामचरितमानस के अयोध्या कांड पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं कार्यशाला आयोजित

होशंगाबाद। संस्कृति ,पर्यटन एवं अध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा है कि संस्कृति पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तांतरित होती हैं। कालजयी, विश्व विजय भारतीय संस्कृति आने वाली पीढ़ी को हस्तांतरित की जा सके,इसके लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्कृति मंत्री सुश्री ठाकुर मंगलवार को होशंगाबाद के नर्मदा महाविद्यालय में आयोजित राम चरितमानस के अयोध्या कांड पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं कार्यशाला को संबोधित कर रही थी। मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी है। हमारा दायित्व है कि हम भगवान राम के सद्गुणों और जीवन आचरण से भावी पीढ़ी को अवगत कराएं ताकि वे उत्कर्ष को प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि हम आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। देश को स्वतंत्रता दिलाने वाले हमारे महान क्रांतिकारियों और शहीदों की वीर गाथाओं से भावी पीढ़ियों को अवगत करा उन्हे इन महान विभूतियों के पदचिन्हों पर चलने के लिए प्रेरित करना हम सबकी जिम्मेदारी हैं।

संस्कृति, अध्यात्म शिक्षा एवं तुलसी मानस संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में विधायक होशंगाबाद डॉ सीतासरन शर्मा, श्री गिरिजा शंकर शर्मा, तुलसी मानस संस्थान के रघुनंदन शर्मा ,श्री भरत व्यास, ओपन स्कूल बोर्ड के भरत झा, श्री भरत व्यास, प्राचार्य नर्मदा महाविद्यालय श्री ओ एन चौबे , संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग श्री अरविंद सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।कार्यशाला का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना से किया गया। आयुषी पालीवाल एवं साथी ने सुमधुर सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.