भोपाल। कोविड -19 टीकाकरण महा अभियान के तहत 8 दिसम्बर, बुधवार को कोविड वैक्सीन के दोनों डोज लगाए जाएंगे। अभियान के तहत टीके के दोनों डोज से छूटे हुए नागरिकों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित कर टीका करण किया जाएगा। बुधवार को आयोजित महाअभियान के लिए भोपाल जिले के शहरी क्षेत्रों मं 425 टीमें टीकाकरण का कार्य करेंगी। जिसमें 85 वार्डों में 3-3 टीमें, 6 एसडी एम क्षेत्रों में 10-10 टीमें एवं 105 नियमित टीम टीकाकरण का कार्य करेंगी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 60 टीमें टीकाकरण का कार्य करेंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि टीकाकरण की दूसरी डोज लगवाना बेहद जरूरी है। नागरिकों को उनके घरों के नजदीक ही टीकाकरण की सेवा प्राप्त हो सके इस के लिए बड़ी संख्या में टीकाकरण केन्द्र संचालित किये जा रहे हैं। स्वास्थ्य संस्थाओं के साथ ही नगर निगम द्वारा भी प्रत्येक वार्ड में टीकाकरण केन्द्रों का संचालन किया जाएगा ।
इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर टीकाकरण किया जाएगा। इस तरह ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 60 स्वास्थ्य केन्द्रों में कोविड-19 का टीका लगाया जाएगा। कोरोना वायरस के संक्रमण की गंभीरता को कम करने के लिए टीके की दोनों डोज लगवाना बेहद आवश्यक है। वैज्ञानिक तथ्यों से प्रमाणित हो चुका है कि दोनों डोज लगवाने से शरीर में इस वायरस के खिलाफ पर्याप्त एंटीबॉडी का निर्माण होता है जो कि वायरस संक्रमण के समय शरीर को सुरक्षा कवच प्रदान करता है।