Type Here to Get Search Results !

झंडा दिवस सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है -- कलेक्टर लवानिया

भोपाल। कलेक्टर  अविनाश लवानिया को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त)  यशवंत कुमार सिंह ने मंगलवार को सशस्त्र सेना झंडा दिवस का प्रतीक ध्वज लगाया। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने अपनी ओर से सहयोग राशि प्रदान की। कलेक्टर  लवानिया को प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर  लवानिया ने कहा कि झंडा दिवस सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। 

भारतीय सशस्त्र सेनाओं के सैनिक देश की रक्षा, आंतरिक सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के कारण कर्तव्य पालन करते हुए वीरगति को प्राप्त हो जाते हैं। इन सैनिकों को स्मरण करने और सम्मान देने तथा देश के नागरिकों द्वारा सैनिकों के प्रति सम्मान भाव प्रकट करने के लिए प्रतिवर्ष 7  दिसंबर सशस्त्र सेना झंडा दिवस के रूप में मनाया जाता है। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर मोटर वाहनों में लगने वाले कार ध्वज तथा प्रतीक ध्वज वितरित किए जाते हैं। वितरण द्वारा संग्रहित राशि से शहीद सैनिकों के आश्रित परिजनों, दिव्यांग सैनिकों, पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण तथा पुनर्वास से संबंधित आर्थिक सहायता योजनाएं संचालित की जाती हैं। देश में यह दिवस 1949 से प्रतिवर्ष मनाया जा रहा है।