भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि होशंगाबाद में पर्यटन की अनंत संभावनाएँ मौजूद हैं। पचमढ़ी, तवा, सतपुड़ा आदि पर्यटन स्थल अद्भुत हैं। यहाँ की प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक समृद्धता से दुनिया को रू-ब-रू कराएँ। व्यापक स्तर पर इसकी मार्केटिंग की जाए, जिससे होशंगाबाद पर्यटन के क्षेत्र में विश्व पटल पर अपना नाम अंकित करा सके। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज होशंगाबाद जिले के पचमढ़ी में रविशंकर भवन में जिला प्रशासन द्वारा तैयार डिस्ट्रिक्ट टूरिज्म प्लान का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश अभियान के तहत जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए 52 सप्ताह 52 इवेंट्स के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि होशंगाबाद आने वाले सैलानियों के लिए दिन की गतिविधियों के साथ पर्यटन की सांध्य गतिविधियाँ भी आयोजित की जाये। पर्यटन की दृष्टि से शाम का समय बहुत महत्वपूर्ण होता है। सांध्य गतिविधियाँ क्या-क्या हो सकती हैं, इसकी संभावनाएँ तलाशे। बेहतर प्लानिंग कर पीपीपी मोड में इन गतिविधियों को प्रमोट करें। शाम के समय लोक नृत्य, लाइट एंड साउंड शो, आर्मी बैंड जैसी गतिविधियाँ प्लान की जा सकती हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि चौरागढ़ मंदिर जाने के लिए केबल कार का प्रस्ताव भेजा जाए। केबल कार से धार्मिक पर्यटकों को एक अलग अनुभव प्राप्त होगा। पर्यटक यहाँ की पहाड़ियों, दुर्लभ वनस्पतियों आदि प्राकृतिक सुंदरता का लुफ्त उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पचमढ़ी में गोल्फ खेल को बढ़ावा देने की भी अपार संभावना है, जो पर्यटकों को आकर्षित करेगा।