Type Here to Get Search Results !

कोरोना के बढ़ते प्रकरणों को देखते हुए पुख्ता रहे नियंत्रण की व्यवस्थाएँ : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में कहा कि पड़ोसी राज्यों में कोरोना के प्रकरण बढ़ रहे हैं। लगभग सभी जगह केस बढ़ रहे हैं। हमको इसके नियंत्रण के लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहिए। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस अपर मुख्य सचिव श्री मोहम्मद सुलेमान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कलेक्टर कमिश्नर मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 307 नये केस आए हैं। चारों महानगरों में केस आ रहे हैं। अब धीरे-धीरे सभी जगह फैलने की संभावना है। हमारी रणनीति है कि यदि घर में जगह नहीं है तो रोगी को हॉस्पिटल में एडमिट करें। सभी प्रभारी मंत्री इस ओर ध्यान दें। कोविड केयर सेंटर तैयार करें। जिलों में एक-एक कोविड केयर सेंटर की तैयारी करें। होम आयसोलेशन के मरीज को सावधानी रखने के लिए क्या करना चाहिए, इसकी समझाइश दी जाए। व्यापक पैमाने पर संदेश प्रसारित करें। प्रदेश में ओमिक्रॉन के 9 केस आए हैं, जो सभी स्वस्थ हो गए हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर कलेक्टर को कोरोना नियंत्रण की रणनीति के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कोविड केयर सेंटर, फीवर क्लीनिक एक्टिव करने, टेस्ट करने आदि के संबंध में निर्देश दिए गए। सबसे ज्यादा सतर्कता और चुनौती इंदौर की ही है। केस तेजी से बढ़ेंगे अतएव व्यवस्थाएँ चाक-चौबंद रहे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अन्य सभी कलेक्टर भी पूरी तैयारी कर व्यवस्थाएँ दुरूस्त रखें। अपनी तरफ से कोई कमी नहीं रहने दी जाए। कोविड क्राइसिस मेनेजमेन्ट कमेटियों की बैठक करायें। प्रदेश में पात्र व्यक्तियों को अब तक 94.8 प्रतिशत प्रथम डोज़ तथा 91 प्रतिशत को सेकेण्ड डोज़ लगी है। लगातार वैक्सीनेशन जारी रहे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 15 से 18 साल के बच्चों के वैक्सीनेशन की तैयारी कर लें। एक साथ सभी शहरों में वैक्सीनेशन करें। युद्ध स्तर पर तेजी से 03 जनवरी से वैक्सीनेशन करना है। महाअभियान के रूप में 15 से 18 वर्ष के बच्चों का वैक्सीनेशन करें। प्राथमिकता के साथ इस कार्य में जुट जाये। लांचिंग के दौरान वैक्सीनेशन की अपील हो। 60 वर्षीय व्यक्तियों को बूस्टर डोज़ लगाने के लिए च्वाइस पर निर्भर है।