हादसे में तीन पुलिस जवानों सहित 5 की मौत,अन्य तीन गंभीर घायल
टीकमगढ। टीकमगढ़ जिले से गुम बच्ची की तलाश के लिए गया पुलिस दल उत्तर प्रदेश के मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह 5 बजे बड़ा हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में तीन पुलिसकर्मी सहित 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला आरक्षक भी शामिल है। हादसे में घायल हुए तीन लोगों की हालत गंभीर है। पुलिसकर्मी बोलेरो से आगरा से हरियाणा के बहादुरगढ़ जा रहे थे। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई थी। बोलेरो दो टुकड़ों में बंट गई। हादसे के बाद एक लेन में काफी दूर तक गाड़ी के टुकड़े बिखर गए। हादसे की वजह घना कोहरा बताया जा रहा है
जानकारी के अनुसार बुड़ेरा थाना अंतर्गत गांव की एक नाबालिग लड़की के गुम होने पर परिजनों की शिकायत पर मामला पंजीवद्ध किया गया था। परिजनों द्वारा संदेही द्वारा भगा ले जाने का आरोप लगाया था,जिसपर पुलिस ने एक टीम गठित कर दस्तयाब करने के लिए प्राइवेट वाहन अधिग्रहित कर टीम को गुरूवार शाम पुलिस टीम हरियाणा के बहादुरगढ़ जा रही थी। तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी क्रमांक एमपी 36 सी 4167 के बेकाबू होकर पुलिया से टकराने से यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 80 पर हादसा हो गया है। जिसमें गाड़ी टूटकर दो हिस्सों में बंट गई। वाहन में जिले के बुडेरा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक भवानी प्रसाद, महिला आरक्षक हीरा देवी प्रजापति, आरक्षक कमलेन्द्र यादव,रक्षासमिति का सदस्य रवि रैकवार सहित चालक जगदीश की मौत हो गई। वही कांस्टेबल रतिराम, धर्मेंद्र कुमार और प्रीति घायल बताए जा रहे है।
टीम रवाना
घटना की जानकारी देते हुए टीकमगढ़ एएसपी एमएल चौरसिया ने बताया कि घायलों के बेहतर उपचार एवं यथोचित सहायता के लिए मथुरा जिला प्रशासन से संपर्क कर लिया गया है। वहीं टीकमगढ़ एसडीओपी कृष्ण पाल सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मथुरा के लिए रवाना की गई है। घटना की सूचना के बाद से पुलिस महकमें के साथ ही आमजन भी दुखी दिखाई दे रहे है। उन्होने बताया कि मृतक महिला सतना जिलें की है परिजनों को सूचना दे दी गई, तो वही आरक्षक कमलेन्द्र बड़ामलहरा,प्रआ.भवानी प्रसाद इंदिरा कॉलोनी के निवासी है।
सुरीर पुलिस ने शव कब्जे में लिए
पुलिस के अनुसार हादसे की जानकारी मिलने के बाद नजदीकी सुरीर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर घायलों अस्पताल में भर्ती कराया है। एएसपी का कहना है कि यूपी पुलिस लगातार संपर्क में है,दोपहर में पीएम जारी था, शुक्रवार की रात तक मृतकों के शव आने की संभावना है।
सीएम ने श्रद्धांजलि की अर्पित-
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे में 3 पुलिस जवानों की मौत से दुख व्यक्त किया है। वही प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे को लेकर शोक संवेदना जताई। उन्होने मृत पुलिस के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। वही सबसे पहले राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट करते हुए मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसे में टीकमगढ़ जिले के तीन पुलिसकर्मियों सहित चार लोगों की मौत की दुखद सूचना मिली है, चार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।