Type Here to Get Search Results !

रिटायर्ड जज चंद्रेश कुमार खरे राज्य कॉ-ऑपरेटिव अधिकरण के अध्यक्ष नियुक्त

चार महीने से खाली पद होने से लंबित हो गए थे 10 हजार से ज्यादा मामले

भोपाल। राज्य कोआपरेटिव अधिकरण (सहकारिता) का अध्यक्ष सेवानिवृत्त जज चंद्रेश कुमार खरे को अगले 2 वर्ष के लिए नियुक्त किया गया है। इससे सहकारिता संबंधी अपीलों का निराकरण हो सकेगा, जोकि चार महीने से अध्यक्ष नहीं होने से 10 हजार से ज्यादा हो चुकी हैं। 

ज्ञात हो कि 13 जुलाई 2021 को डा. मोहम्मद शमीम का कार्यकाल पूरा होने के बाद से अध्यक्ष का पद रिक्त था। प्रदेश में सहकारी समितियों से जुड़े निर्णयों के खिलाफ सुनवाई राज्य सहकारी अधिकरण करता है। इसमें अध्यक्ष, सदस्य और रजिस्ट्रार होते हैं, जो डिप्टी रजिस्ट्रार, डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार द्वारा समितियों के संबंध में पारित फैसलों के खिलाफ अपीलों की सुनवाई करते हैं।अधिकरण के सदस्य गिरीश तम्हाणे के इस्तीफा देने के कारण सिर्फ रजिस्ट्रार विमल श्रीवास्तव ही बचे थे। चूंकि अकेले सुनवाई नहीं हो सकती, ऐसे में चार महीने से अपीलों की सुनवाई ठप थी। 

रिटायरमेंट पर घर तक छोड़ने गए थे कर्मचारी

उल्लेखनीय होगा कि चंद्रेश कुमार खरे जिला न्यायाधीश होशंगाबाद के पद से 31 दिसंबर 2020 को सेवानिवृत्त हुए थे। तब अदालत के कर्मचारियों और वकीलों ने उन्हें साफा बांधकर बैंड बाजों के साथ परिवार सहित बग्घी में बिठाकर घर तक विदा करने गए थे।