Type Here to Get Search Results !

महर्षि अरविंद के विचारों से राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा लेने का आह्वान

  • जन अभियान परिषद भोपाल द्वारा नवीन महाविद्यालय में व्याख्यान माला एवं विविध कार्यक्रम आयोजित
भोपाल। महर्षि अरविंद जयंती के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद भोपाल द्वारा नवीन महाविद्यालय, भोपाल में व्याख्यान माला एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 150 लोगों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ बकुल लॉड, कार्यपालक निदेशक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद रहे। कार्यक्रम में पूज्य संत श्री 1008 महंत बाबा अनिलानन्द उदासीन महाराज कार्यकारी अध्यक्ष मध्यप्रदेश संत समिति एवं खाटू श्याम बाबा मंदिर भोपाल, मुख्य वक्ता मनोज शर्मा , अध्यक्ष, अरविंद सोसायटी मध्यप्रदेश, सतीश चितवार, सचिव, अरविंद सोसायटी,  वरुण आचार्य, संभाग समन्वयक, जन अभियान परिषद भोपाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ किया गया। इसके पश्चात महर्षि अरविंद के जीवन, दर्शन, राष्ट्रवाद एवं आध्यात्मिक चिंतन पर व्याख्यान दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि महर्षि अरविंद का जीवन युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक चेतना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्य अतिथि बकुल लॉड ने कहा कि महर्षि अरविंद ने भारत को केवल एक भौगोलिक भू-भाग के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत राष्ट्र चेतना के रूप में देखा। उनके विचार आज भी समाज और विशेषकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंद के विचारों को केवल पढ़ना ही नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारना आवश्यक है।

मनोज शर्मा ने महर्षि अरविंद के साहित्य एवं दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका चिंतन व्यक्ति के आध्यात्मिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र के उत्थान का मार्ग भी प्रशस्त करता है। वहीं सतीश ने कहा कि महर्षि अरविंद का जीवन त्याग, साधना और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण है तथा युवा पीढ़ी उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पूज्य 1008 महंत बाबा अनिलानंद उदासीन महाराज ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थितजनों को समाजहित में कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के उद्देश्य एवं विस्तृत रूपरेखा जन अभियान परिषद भोपाल के संभाग समन्वयक वरुण आचार्य द्वारा प्रस्तुत की गई।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया गया। साथ ही “एक पौधा माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया तथा कार्यक्रम में पधारे अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुशील जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद भोपाल के जिला समन्वयक पवन सहगल द्वारा सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंद के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने तथा सामाजिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए जन अभियान परिषद प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के में विकासखंड समन्वयक नंदकिशोर मालवीय, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इन सभी की सहभागिता ने कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकार का स्वरूप प्रदान किया।