Type Here to Get Search Results !

जितेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में E20 पेट्रोल के खिलाफ गूंजा जनजागरूकता का संदेश

  • भोपाल में STATE TOWNHALL में उमड़ा जनसैलाब, प्रदेशभर में अभियान तेज करने का संकल्प

भोपाल । 
  E20 पेट्रोल के दुष्प्रभावों को लेकर आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित STATE TOWNHALL Against E 20 कार्यक्रम राजधानी भोपाल में व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ।


नर्मदीय भवन, तुलसी नगर में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम ने E20 पेट्रोल के मुद्दे को प्रदेश स्तर पर मजबूती से उठाने का मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर रहे।

अपने संबोधन में तोमर ने कहा कि "आम आदमी पार्टी की राजनीति का आधार जनता के मुद्दे हैं। जब किसी नीति का सीधा असर किसानों, वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है तो उस पर संवाद जरूरी है। E20 से माइलेज घटना, पुरानी गाड़ियों का खराब होना और ईंधन पर अतिरिक्त बोझ जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।"

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे तथ्यों के साथ घर-घर जाकर E20 सहित अन्य जनहित के मुद्दों पर जागरूकता फैलाएं।

विशेष उपस्थिति:

कार्यक्रम में मॉडल टाउन विधानसभा के पूर्व विधायक एवं प्रदेश सह प्रभारी श्री अखिलेश पति त्रिपाठी तथा पूर्व विधायक एवं भोपाल जोन प्रभारी श्री जगदीप सिंह भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने E20 पर जनजागरूकता अभियान को गांव-गांव तक ले जाने और संगठन को और सक्रिय करने पर बल दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रत्यक्ष रूप से और हजारों लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की।

राज्य स्तरीय टाउनहॉल की सफलता के बाद आम आदमी पार्टी ने घोषणा की कि E20 सहित जनहित के मुद्दों पर अब प्रदेश के हर जिले में संवाद और अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने श्री जितेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में पार्टी को जनसरोकारों की आवाज बनाने का संकल्प दोहराया।