बारिश ने बढ़ाई समस्या-
ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी मार्ग की स्थिति बेहतर नहीं रहती, लेकिन बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए इसी रास्ते से होकर आना-जाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को होती है। स्कूल जाने वाले बच्चों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े खराब होने के साथ ही गिरने और चोट लगने का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों ने की रास्ता सुधारने की मांग
स्थानीय रहवासियों ने ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से मार्ग की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि फिलहाल पक्की या सीसी सड़क का निर्माण संभव नहीं है तो तत्काल राहत के तौर पर सड़क पर मुरम या अन्य उपयुक्त सामग्री डलवाकर रास्ते को चलने लायक बनाया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ने से पहले मार्ग को दुरुस्त करना जरूरी है। इसके साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए सड़क निर्माण और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था भी की जानी चाहिए।
जिम्मेदारों से कार्रवाई की उम्मीद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मार्ग की खराब स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि ग्राम पंचायत, विधायक सांसद और प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति देखें और जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराएं, ताकि मोहल्ले के लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को बारिश के दौरान कीचड़ व जलभराव से राहत मिल सके।
फिलहाल परान मोहल्ले के रहवासी प्रशासन और ग्राम पंचायत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं कि आखिर इस बदहाल रास्ते की तस्वीर कब बदलेगी।