भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कोविड नियंत्रण की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि वर्तमान में संक्रमण के जो प्रकरण सामने आ रहे हैं, उन रोगियों के आयसोलेशन और उपचार के समुचित प्रबंध किए जाएँ। जल्द से जल्द संक्रमित व्यक्तियों को स्वस्थ करने पर फोकस किया जाए। फेस मॉस्क के उपयोग और रोको-टोको अभियान को निरंतर जारी रखा जाए। ऐसे प्रयास हों कि कहीं अधिक भीड़ की स्थिति निर्मित न हो। विवाह एवं अन्य समारोह में व्यक्तियों के बीच परस्पर दूरी का अवश्य ध्यान रखा जाए। सभी आवश्यक सावधानियों के साथ आर्थिक गतिविधियों के सुचारू संचालन का कार्य हो। प्रदेश में 03 जनवरी से 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण शुरू हो रहा है। ऐसे बच्चे जिनका जन्म वर्ष 2007 या उसके पहले है, उनका 01 जनवरी से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। इसे टीकाकरण अभियान के रूप में संचालित किया जाए। प्रदेश में नाइट कर्फ्यू के अलावा अन्य कोई बंदिशें नहीं रहेंगी। सामाजिक गतिविधियाँ संक्रमण से बचाव के आवश्यक उपायों के साथ संचालित होंगी। प्रत्येक व्यक्ति शंका होने पर कोरोना टेस्ट अवश्य करवाएँ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विद्यालयों में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति की व्यवस्था जारी रहे। अभी स्थिति भले गंभीर नहीं, लेकिन सभी जरूरी ऐहतियात बरते जाना चाहिए। शिक्षा मंत्री और अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा भी करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए टीकाकरण की घोषणा के पश्चात मध्यप्रदेश में प्रारंभ तैयारियों की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने देश में सर्वश्रेष्ठ वैक्सीनेशन कार्य के लिए मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य विभाग को बधाई भी दी।
मंत्रालय में हुई बैठक में जनजातीय कार्य मंत्री सुश्री मीना सिंह और स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री इंदर सिंह परमार, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा उपस्थित थे। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने प्रेजेंटेशन दिया।