मुंबई। सौरव गांगुली और विराट कोहली के बीच इन दिन कोल्ड वॉर चल रही है। विराट ने साउथ अफ्रीका जाने से पहले गांगुली के बयान के विपरीत बयान दिया था। टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़कर भारतीय क्रिकेट में भूचाल लाने वाले विराट कोहली BCCI के साथ किसी भी किस्म के समझौते के मूड में नहीं दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बोर्ड प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने उन्हें अपने 100वें टेस्ट में कप्तानी करने का ऑफर दिया, जिसे विराट ने ठुकरा दिया है। विराट अब तक 99 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ 25 फरवरी को होने वाला मैच उनके करियर का 100वां टेस्ट होगा।
विराट अपने करियर में कई बार यह संकेत दे चुके हैं कि निजी रिकॉर्ड्स में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। वे टीम की जीत को सबसे ज्यादा अहमियत देते हैं। विराट ने अपनी कप्तानी में 68 में से 40 टेस्ट में टीम को जीत दिलाई। अगर वे दो साल और कप्तान रह जाते तो मुमकिन है कि साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ को पीछे छोड़ दुनिया में सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले कप्तान बन जाते। लेकिन, उन्होंने इस रिकॉर्ड को तवज्जो नहीं दी। इसलिए माना जा रहा है कि 100 टेस्ट में कप्तानी कर वे फेयरवेल लेने के मूड में नहीं हैं।