केपटाउन। टीम इंडिया इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला खेलने केपटाउन में है। रविवार को भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लिया। भारतीय खेमे के लिए अच्छी खबर यह सामने आई कि कप्तान विराट कोहली ने भी जमकर प्रैक्टिस की। विराट चोटिल होने के कारण जोहान्सबर्ग में हुए दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल सके थे। भारत को उस टेस्ट में हार मिली थी और साउथ अफ्रीका ने सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। तीसरा टेस्ट मैच 11 जनवरी से शुरू हो रहा है।
विराट कोहली अगर वापसी करते हैं तो अजिंक्य रहाणे या हनुमा विहारी में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। लंबे समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे रहाणे ने जोहान्सबर्ग में फिफ्टी जमाई थी। वहीं, विहारी ने भी दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 40 रन बनाए थे। इस बारे में पूरी डिटेल्स मैच से एक घंटा पहले ही आने की उम्मीद है।