सिडनी। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रही एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच रोमांचक अंदाज में ड्रॉ समाप्त हुआ। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी 64 गेंदों पर 2 विकेट की जरूरत थी। जैक लीच और स्टुअर्ट ब्रॉड ने इनमें से 46 गेंदें निकाल दी। मैच में सिर्फ 3 ओवर यानी 18 गेंदें बची थीं, तब कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने स्टीव स्मिथ को गेंदबाजी पर लगाया। स्मिथ ने कामयाबी भी हासिल की, लेकिन अपनी टीम को मैच में जीत नहीं दिला सके।
इंग्लैंड की पारी का 100वां ओवर स्टीव स्मिथ फेंकने आए। उन्होंने इस ओवर की आखिरी गेंद पर जैक लीच को डेविड वार्नर के हाथों कैच करवा दिया और ऑस्ट्रेलिया को जीत की दहलीज पर ले आए। स्मिथ ने 2016 के बाद पहली बार टेस्ट विकेट लिया। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2016 में पर्थ टेस्ट में साउथ अफ्रीका के वर्नोन फिलेंडर का विकेट लिया था। लीच 34 गेंद और 77 मिनट के संघर्ष के बाद आउट हुए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को 12 गेंदों पर आखिरी विकेट की जरूरत थी।