भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना के केस अप्रत्याशित बढ़ रहे हैं। एक सप्ताह में लगभग 12 गुना वृद्धि हुई है। कल ही प्रदेश में 74 हजार टेस्ट किये गये, जिनमें 1577 केस पॉजिटिव आये हैं। इस स्थिति को देखते हुए कोरोना संक्रमण के प्रति पूरी सावधानी रखने की जरूरत है। सभी जिलों में प्रतिबंधात्मक निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाये।
मुख्यमंत्री श्री चौहान शनिवार को मंत्रालय में कोरोना नियंत्रण एवं उपचार व्यवास्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान सहित अधिकारी उपस्थित थे। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी वर्चुअली शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 15 से 18 वर्ष के बच्चों के टीकाकरण कार्य में गति लाई जाए। प्रभारी अधिकारी इसकी मॉनिटारिंग करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिलेवार टीकाकरण कार्य की समीक्षा की और टीकाकरण से शेष रहे नागरिकों को वैक्सीन डोज लगाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्योपुर, बड़वानी, ग्वालियर सहित अन्य जिलों में टीकाकरण की गति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी तक लक्ष्ति समूह के शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण पूरा किया जाये।