Type Here to Get Search Results !

समय-सीमा में हो मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्कों की स्थापना – मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना के लिए समय-सीमा में कार्य सुनिश्चित किया जाये। मंडियों में गोदामों की स्थापना के प्रयास भी तेजी से हों। निजी व्यक्तियों और फर्मों को भी इसके लिए आगे लाएँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान शनिवार को मंत्रालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा कर रहे थे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में अनाज की भंडारण क्षमता बढ़ाई जाए। गोदामों से समय-सीमा में उठाव भी सुनिश्चित करायें। वेयर हाउस भरने और खाली करने के लिए नीति बनाकर कार्य करें। गोदामों का संधारण, रखरखाव एवं सुरक्षा पीपीपी मोड के माध्यम से करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गोदामों की रूफ-टॉप पर सोलर पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अक्षय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा दें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मार्कफेड के कैप जिम्मेदारी से संधारित करें। उन्होंने धान, मूंग सहित अन्य फसलों का उपार्जन अच्छे ढंग से करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा प्रदेश के किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाये। गड़बड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाये। घटिया किस्म के धान उत्पादन को हतोत्साहित करें। अच्छी गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन हो। दतिया जिले की क्रांति धान के उपार्जन की समीक्षा भी की गई।