सिडनी। एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट से पहले कोरोना का एक और मामला सामने आया है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसके चलते वो अब सिडनी टेस्ट के शुरुआती दिनों में नजर नहीं आएंगे। मैक्ग्रा इस सीरीज के ब्रॉडकास्ट चैनल की कमेंट्री पैनल का हिस्सा है।
सिडनी में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 5 जनवरी से एशेज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। ये पिंक बॉल टेस्ट होगा, जो मैक्ग्रा के लिए बहुत विशेष है। दरअसल, ये टेस्ट ब्रेस्ट कैंसर पीड़ितों के लिए खेला जाता है। इससे जमा हुई राशी को ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित लोगों को दान की जाती है। बता दें कि मैक्ग्रा की पत्नी (जेन मैक्ग्रा) का निधन भी ब्रेस्ट कैंसर से हुआ था।
टेस्ट मैच के तीसरे दिन को 'जेन मैक्ग्रा डे' के नाम से जाना जाता है। जेन का 2008 में ब्रेस्ट कैंसर की वजह से निधन हुआ था। इसके बाद ब्रेस्ट कैंसर के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए सिडनी में पिंक टेस्ट कराया जाने लगा। यह ग्लेन मैक्ग्रा का होम ग्राउंड है।