जोहान्सबर्ग। टीम इंडिया इस समय साउथ अफ्रीका के दौरे पर है। सेंचुरियन में भारत ने पहला टेस्ट मैच शानदार तरीके से जीता। अब जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में 3 जनवरी से दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है। यहां भारत ने कुल 5 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से उसे दो में जीत मिली, जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे हैं।
1992 में टीम इंडिया ने यहां पहला टेस्ट मैच खेला था। जबकि आखिरी टेस्ट मैच 2018 में खेला था। इन 29 साल में साउथ अफ्रीका की टीम कभी भी भारतीय टीम को मात नहीं दे पाई है। भारतीय टीम आज तक साउथ अफ्रीका में सीरीज नहीं जीत पाई है। ऐसे में दूसरा टेस्ट मैच जीतकर विराट कोहली सीरीज फतह कर सकते हैं।
भारत ने 24 जनवरी 2018 को अपना आखिरी टेस्ट मैच जोहान्सबर्ग में खेला था। टीम इंडिया ने यह मुकाबला 63 रन से जीता था। मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की और उसकी पहली पारी 187 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में साउथ अफ्रीका की पहली पारी 194 रन पर ही ऑलआउट हो गई। पहली पारी के आधार पर अफ्रीकी टीम को 7 रन की बढ़त मिली। वहीं, भारत की दूसरी पारी 247 रन पर ऑल आउट हो गई। अब प्रोटियाज को जीत के लिए 241 रन चाहिए थे, लेकिन साउथ अफ्रीका 177 रन पर ढेर हो गई और विराट कोहली की टीम ने 63 रन से मैच जीत लिया।