मुंबई। इस साल के IPL का मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को होगा। शनिवार को BCCI ने 1,214 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है। इन खिलाड़ियों में 896 भारतीय और 318 विदेशी खिलाड़ी हैं। दो दिन तक चलने वाले इस मेगा ऑक्शन में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। ऑक्शन में 270 कैप्ड प्लेयर, 903 अनकैप्ड प्लेयर और 41 एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों को रजिस्टर किया गया है।
इस बार टूर्नामेंट में कई बड़े खिलाड़ी हिस्सा नहीं लेंगे। वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल ने अपना नाम ऑक्शन में नहीं दिया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क, इंग्लैंड के सैम करन, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जो रूट, क्रिस वोक्स ने भी ऑक्शन में अपना नाम शामिल नहीं करवाया है।
हर एक फ्रेंचाइजी अगर अपने स्कवाड में 25 खिलाड़ियों को रखती है, तो ऑक्शन में 217 खिलाड़ियों को खरीदा जाएगा। इनमें 70 विदेशी प्लेयर्स के नाम होंगे। ऐसा माना जा रहा है कि सभी टीमें अपने खिलाड़ियों का कोटा पूरा करेंगी। ऐसे में बहुत हद तक संभावना है कि ऑक्शन में 200 से ज्यादा खिलाड़ियों के नाम पर बोली लगेगी।
मेगा ऑक्शन के लिए जारी की गई 2 करोड़ की बेस प्राइस की लिस्ट में 49 खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में 17 भारतीय हैं, जबकि 32 विदेशी खिलाड़ी हैं। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन के अलावा, श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, इशान किशन, सुरेश रैना के नाम इस लिस्ट में हैं।
वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में डेविड वार्नर, कगिसो रबाडा, ड्वेन ब्रावो के अलावा पैट कमिंस, एडम जंपा, स्टीव स्मिथ, शाकिब अल हसन, मार्क वुड, ट्रेंट बोल्ट और फाफ डु प्लेसी जैसे बड़े नाम हैं। फ्रेंचाइजियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किए नामों पर 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाली मेगा ऑक्शन में बोली लगाई जाएगी।