केके मिश्रा और नरेंद्र सलूजा ने कई मामले गिनाते हुए सवाल उठाए
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव केके मिश्रा ने कहा है कि एक ओर प्रदेश में राशन माफिया के खिलाफ कार्रवाई का ढोल पीटा जा रहा है, दूसरी ओर संघ और भाजपा नेताओं के पकड़े जाने के बाद भी या तो प्रकरण ही दर्ज नही हो रहे या फिर एफआईआर दर्ज होने के बाद भी सरकार के दबाव में खात्मा लगाया जा रहा है। ऐसे मामलों में कांग्रेस कोर्ट में आपत्ति पेश करेगी।
मिश्रा शनिवार को मीडिया से रूबरू थे। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा भी थे। मिश्रा ने बताया कि अशोक नगर जिले के रातीखेड़ा समिति प्रबंधक निकुंज शर्मा ने 13 लाख 45 हजार रुपए का गरीबो का राशन हड़प लिया, इनकी पत्नी साधना शर्मा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं। इस पर कलेक्टर के निर्देश पर जांच के बाद एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन इसमें दबाव ड़ालकर पुलिस से खात्मा लगवाया गया है। मिश्रा ने कहा कि इस मामले में कोर्ट में आपत्ति लगाई जाएगी। इसी तरह इंदौर में लाखों रुपए की कालाबाजारी में आरोपियों के खिलाफ रासुका लगाई जाकर मकान को ढ़हा दिया गया। हालांकि इसी मामले में दूसरे आरोपी संघ कार्यकर्ता प्रदीप दाईगुडेÞ पद दिखावटी कार्रवाई की गई। उज्जैन में संघ से जुडेÞ केलकर परिवार के यहां से 5 क्विंटल नकली घी मिलने पर रासुका में कार्रवाई हुई, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार आते ही रासुका से मुक्त करवा दिया गया। मिश्रा ने बैरसिया में गायों की मौत पर गोशाला संचालिका निर्मला शांडिल्य पर रासुका लगाने के साथ ही गोहत्या का केस दर्ज करने की भी मांग की।
सिंधिया अघोषित मुख्यमंत्री
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया अघोषित मुख्यमंत्री हैं। इससे ग्वालियर में सब्जी मंडी शिफ्ट करने के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन पर रासुका और धारा 307 में कार्रवाई हो रही है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की पोस्टिंग कमल नाथ सरकार में हुई, लेकिन अब वह भाजपा एजेंट हैं। सारे अधिकारियों को ध्यान रखना चाहिए कि, आज है तो कल भी आएगा।