नई दिल्ली। गुरुवार से घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के खेले गए दूसरे लीग मैच के पहले दिन तमिलनाडु से खेलने वाले जुड़वां भाइयों बाबा इंद्रजीत और बाबा अपराजित ने शतक लगाया और तमिलनाडु को मुसीबत से निकालते हुए टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। दोनों के बीच 206 रनों की पार्टनरशिप हुई। वहीं देश के लिए टेस्ट में तिहरा शतक लगाने वाले करुण नायर ने 4 साल बाद कनार्टक के लिए फर्स्ट क्लास में शतक लगाया। दूसरी तरफ श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट टीम से बाहर किए गए चेतश्वर पुजारा और अंजिक्य रहाणे एक बार फिर फेल हो गए।
तमिलनाडु के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज जुड़वां भाईयों बाबा इंद्रजीत, बाबा अपराजित ने रणजी ट्रॉफी के दूसरे लीग मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहले दिन शतक ठोककर टीम का स्कोर 300 के पास पहुंचा दिया। इससे पहले इंद्रजीत ने सीजन के पहले मैच में दिल्ली के खिलाफ शतक जड़ कर टूर्नामेंट में आगाज किया था। उनका यह लगातार दूसरा शतक है। दिल्ली के खिलाफ उन्होंने 116 रन बनाए थे। जबकि छत्तीसगढ़ के खिलाफ 141 गेंदों पर 127 रन की पारी खेली।
दोनों भाइयों ने तमिलनाडु की पारी को 59 रन से आगे बढ़ाया और तीसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 206 रनों की साझेदारी हुई। वहीं अपराजित 197 गेंदों पर 101 रन की पारी खेलकर नाबाद हैं। तमिलनाडु का स्कोर पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 308 रन हो गया है।