भोपाल। विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में 48वें खजुराहो नृत्य समारोह में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के विशेष आमंत्रण पर कोरिया, अर्जेंटिना, वियतनाम, ब्रूनेई, फिनलेंड, मलेशिया, थाईलेंड और लाओस के राजदूत और उच्चायुक्त सह-परिवार शामिल हुए। प्रदेश के पर्यटन तथा संस्कृति का लुफ्त उठाते हुए सभी ने खजुराहो और ओरछा के मंदिरों तथा अन्य प्रमुख गंतव्यों के इतिहास को जाना। साथ ही पन्ना टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी और खजुराहो नृत्य समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया। भव्य नृत्य समारोह, खजुराहो और ओरछा के आकर्षक मंदिर एवं विविध पर्यटन गतिविधियों ने राजदूतों और उच्चायुक्तों का मन मोह लिया।
अर्जेंटीना के राजदूत डॉ. हुगो जेवियर गोबी ने बताया कि खजुराहो नृत्य समारोह का अनुभव बहुत शानदार रहा। समारोह का सुमधुर संगीत, खजुराहो के मंदिरों की भव्यता और सुंदर नृत्य ने मेरे परिवार का न भूलने वाला पल बना दिया है। ओरछा विजिट के दौरान मंदिरों की वास्तुकला को करीब से समझने का अवसर मिला। साथ ही रूरल होम-स्टे और विलेज टूर से मध्यप्रदेश की स्थानीय संस्कृति, यहाँ के निवासियों की जीवंतता और आपसी सद्भाव से मन अभिभूत हो गया। इस अद्भुत यात्रा का अनुभव देने के लिए उन्होंने पर्यटन विभाग को धन्यवाद दिया।
भारतीय संस्कृति में नृत्य की कला और सुंदरता की प्रसंशा करते हुए थाईलेंड की राजदूत पट्टारत होंगटोंग ने कहा कि खजुराहो नृत्य समारोह देश और विदेश की प्रतिभाओं के लिए एक उपयुक्त मंच है। मंदिरों के बीच रोशनी से सजा मंच, ऊर्जावान संगीत और विभिन्न वाद्य यंत्रों पर कलाकारों के एक साथ थिरकते शरीर को देखना अपने आप में अद्भुत एहसास है। उन्होंने कहा कि ओरछा में भगवान राम और लक्ष्मी मंदिर की भव्यता और वहाँ होने वाले धार्मिक अनुष्ठान को देखना उनके यादगार पलों में शामिल हो गए। बाई साइकिल टूर के दौरान गेहूँ के खेतों के बीच गुज़रते हुए सूर्योदय और सूर्यास्त को देखना उन्हें एक सिनेमेटिक-व्यू की तरह लगा। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की हॉस्पिटेलिटी सर्विसेज और स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार ने उन्हें अपनेपन का एहसास कराया, जिससे उनकी यह यात्रा और भी खास हो गई।