भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वातावरण के तापमान को कम करने के लिए वृक्षारोपण जरूरी है। क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल वार्मिंग के कारण धरती का तापमान 2 डिग्री सेंटीग्रेड बढ़ जाएगा। जिससे ग्लेशियर पिघलेंगे, समुद्र का जल-स्तर बढ़ेगा और वर्षा अनियमित होगी। इन संकटों से बचने का एक प्रभावी माध्यम वृक्षारोपण है। वृक्षारोपण को हमें अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना होगा। परिजनों की स्मृति और हर खुशी के मौके पर हम पौध-रोपण अवश्य करें। जन्म-दिवस पर फूलों के गुलदस्ते, माला पहनाने और होर्डिंग लगाने जैसी गतिविधियाँ व्यर्थ हैं। पेड़ लगाने से जन्म-दिवस अधिक सार्थक होगा। इससे हम जिस दिन दुनिया में आए हैं उस दिन का स्मरण करते हुए पृथ्वी को कुछ भेंट कर रहे होंगे। यह हमारी धरती के प्रति प्रेम की अभिव्यक्ति होगी। साथ ही जन्म-दिवस आदि पर वंचितों की सहायता, समाज सेवा जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाए। यह गतिविधियाँ हमारे जन्म-दिवस को सार्थक स्वरूप देंगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान सामाजिक संगठनों के साथ भोपाल के तात्या टोपे नगर के ए.बी.डी क्षेत्र में प्रकृति की सेवा का संकल्प वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा अमरकंटक में 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती के अवसर पर प्रतिदिन पौध-रोपण का संकल्प लिया गया था। इस संकल्प के क्रम में कई संस्थाओं द्वारा मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ पौध-रोपण किया गया। आज आयोजित कार्यक्रम में इन संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, अखिल भारतीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, मध्यप्रदेश प्रभावी श्री मुरलीधर राव, खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा, भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व मंत्री श्री रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व विधायक श्री रमेश शर्मा गुट्टू भैया तथा अन्य जन-प्रतिनिधियों के साथ पीपल और आम सहित पाँच पौधे लगाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा प्रकृति की सेवा के संकल्प के अंतर्गत एक साथ 425 पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संकल्प के क्रम में 19 फरवरी 2021 से अब तक किए गए पौध-रोपण पर केन्द्रित "शिव वाटिका प्रकृति की सेवा का संकल्प" पुस्तक का विमोचन किया। वर्षभर लगाए गए पौधों पर केन्द्रित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पर्यावरण संकल्प पट्टिका का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पौध-रोपण करने आयीं स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों से भेंट की।